क्या हो रहा है?
पौलुस के अनुसार, यहूदियों और अन्यजातियों दोनों को एक करनेवाले सुसमाचार के योग्य जीवन की पहचान प्रेम (इफिसियों 5:2), ज्योति (इफिसियों 5:8) और बुद्धि (इफिसियों 5:15) से होती है। ये तीनों परमेश्वर के नए परिवार और लोगों की ऐसी पहचान हैं जिन पर कोई समझौता नहीं हो सकता।
यह नया, एक किया हुआ समुदाय जो प्रेम दिखाता है, वह व्यभिचारी, भ्रष्ट या लोभी नहीं है—और वह ठट्ठे की बातों के बदले धन्यवाद से भरा होता है (इफिसियों 5:3-4)। अश्लीलता, लोभ और कामुकता यह प्रमाणित करते हैं कि मनुष्य ऐसे राज्य का नागरिक है जो परमेश्वर का नहीं है (इफिसियों 5:5)। परमेश्वर ने अपने लोगों को उस अंधकार के राज्य से छुड़ाया है, और उसमें लौट जाना विनाशकारी होगा (इफिसियों 5:6-7)। इसके बदले, परमेश्वर के लोगों को अंधकार को ठुकराकर ज्योति की सन्तान के समान चलना है (इफिसियों 5:8)। ज्योति भली, धर्मी और सच्ची है, और जो बुरा, अधर्मी और झूठा है उसे सक्रिय रूप से प्रगट करती है (इफिसियों 5:10-11)। यह प्रगट करना अंधकार में जीनेवालों को लज्जित करने के लिए नहीं है (आखिरकार, विश्वासी भी कभी ठीक उन्हीं के समान थे), बल्कि उन्हें बदलने के लिए है। ज्योति अपने स्वभाव से ही अंधकार को दूर करती है, और विश्वासियों के जीवन में यीशु की ज्योति के द्वारा अंधकार को सदा के लिए पीछे धकेला जा सकता है (इफिसियों 5:12-13)। अन्त में, व्यभिचार, लोभ और अंधकार से भरे संसार में प्रेम और ज्योति में जीने के लिए बुद्धि की आवश्यकता है (इफिसियों 5:15-16)। परन्तु यह बुद्धि पहले संयम और आत्म-त्याग नहीं है; बुद्धि पहले परमेश्वर के आत्मा से परिपूर्ण होना और यह समझना है कि परमेश्वर क्या चाहता है (इफिसियों 5:18)।
अन्ततः, प्रेम, ज्योति और बुद्धि हमें पवित्र आत्मा की सामर्थ्य में नम्रता से एक दूसरे के अधीन रहने की ओर ले जाएँगे (इफिसियों 5:21)। एक दूसरे की आवश्यकताओं के अधीन होना वही है जो यीशु ने क्रूस पर हमारे लिए किया (इफिसियों 5:25-26)। यीशु के प्रेम के द्वारा हम पवित्र किए जाते हैं (इफिसियों 5:27)। यीशु की ज्योति के द्वारा हमारा पाप बाहर निकाल दिया जाता है। यीशु की बुद्धि के द्वारा भेद प्रगट किए जाते हैं (इफिसियों 5:31-32)। अपने लोगों की आवश्यकताओं के प्रति यीशु की नम्र अधीनता ने ही हमारा उद्धार किया।
इसलिए पौलुस हमें बताता है कि माता-पिता, जीवनसाथी और मालिकों के साथ हमारे सबसे बुनियादी सम्बन्धों में यीशु की अपनी नम्रता और बुद्धिमानी भरी अधीनता झलकनी चाहिए। पौलुस पत्नियों को अधीन रहने की आज्ञा देता है, परन्तु पतियों को भी यह आज्ञा देता है कि वे अपनी दुल्हन के प्रति प्रेम के कारण अपना जीवन तक न्योछावर करके अधीनता दिखाएँ (इफिसियों 5:22, 25)। बच्चों को अपने माता-पिता की आज्ञा माननी और उनका आदर करना चाहिए, और माता-पिता को अपने बच्चों को न तो खिझाना चाहिए और न ही उन्हें रिस दिलानी चाहिए (इफिसियों 6:1, 4)। दासों को अपने स्वामियों की आज्ञा ऐसे माननी चाहिए मानो वे यीशु की आज्ञा मान रहे हों, और स्वामियों को याद रखना चाहिए कि वे भी दास हैं, क्योंकि परमेश्वर उनका स्वामी है (इफिसियों 6:5, 9)। हमारे सब सम्बन्धों की पहचान उसी प्रकार की नम्रता और प्रेम से होनी चाहिए जो यीशु ने हमें दिखाया (इफिसियों 5:21)।
सुसमाचार कहाँ है?
ध्यान देने योग्य बात यह है कि पौलुस के समय में माता-पिता, पति या स्वामी को पहले सम्बोधित किए बिना किसी बच्चे, पत्नी या दास को सम्बोधित करना अनसुनी बात होती। परन्तु हर सम्बन्ध में पौलुस बात को उलट देता है—वह पहले नम्र और निर्बल का आदर करता है और उसके बाद ही सामर्थी का (इफिसियों 5:22; 6:1, 5)। पौलुस अपनी पत्री की बनावट में ही वह नम्रता दिखाता है जिसे वह अपने लोगों से जीने की अपेक्षा रखता है।
परन्तु पौलुस यह भी जानता है कि हमारे पुराने चाल-चलन हमें परीक्षा में डालेंगे। हमारे लिए फिर से मूर्खता भरे जीवन, प्रेमरहित सम्बन्धों और घमण्ड भरे क्रोध में लौट जाना आसान होगा (इफिसियों 5:6)। पौलुस जानता है कि डाह, यौन अशुद्धता और लुचपन हमें परीक्षा में डालेंगे। पौलुस जानता है कि नम्र अधीनता कठिन है, विशेषकर जब वह दुःख उठाने की ओर ले जाती है। और अपने बल पर, लगभग निश्चित है कि हम अपने पुराने और आसान चाल-चलन की ओर लौट जाएँगे।
परन्तु इसी कारण पौलुस हमें आज्ञाएँ केवल उस सन्दर्भ में देता है जो यीशु ने किया है। हम प्रेम में चल सकते हैं क्योंकि मसीह ने पहले हम से प्रेम किया और हमारे लिए अपने आप को दे दिया (इफिसियों 5:2)। हम ज्योति की सन्तान के समान चल सकते हैं क्योंकि यद्यपि हम पहले अंधकार थे, पर अब प्रभु में ज्योति हैं (इफिसियों 5:8)। पौलुस जानता है कि जो आज्ञा वह देता है वह तभी सम्भव है जब हम यीशु को हमारे लिए वह करते हुए देखते हैं जो हम दूसरों के लिए करने में संघर्ष करते हैं।
अक्सर, जब हम ऐसी आज्ञाएँ पढ़ते हैं, तो उनके अनुसार न जी पाने के कारण हम दोषी महसूस करते हैं। इसलिए हम वादा करते हैं कि कल हम और अधिक प्रयास करेंगे और बेहतर बनेंगे। परन्तु कल आता है—और जिस नैतिक उन्नति की हम आशा करते हैं वह थोड़े समय ही टिकती है। हम फिर से स्वयं को कोसते हैं और अगले दिन और अधिक प्रयास करते हैं। परन्तु पौलुस दोष और लज्जा के द्वारा आपको प्रेरित करना नहीं चाहता। इसके बदले पौलुस हमें उस अनुग्रह, क्षमा और बलिदान के द्वारा प्रेरित करता है जो यीशु ने हमें तब दिया जब हम पापी ही थे।
हम में से कोई भी उतना बुद्धिमान, प्रेमी या नम्र नहीं है जितना हमें होना चाहिए, परन्तु परमेश्वर का धन्यवाद हो कि हमारा एक उद्धारकर्ता है जो हमारी ओर है! इसलिए यदि आप किसी कठिन विवाह, नौकरी या परिवार में हैं, या यदि आप स्वयं को अपने पुराने जीवन के चाल-चलन की ओर खिंचते हुए पाते हैं, तो अपनी आँखें यीशु और उसके प्रेम, बुद्धि और नम्रता पर लगाइए! उसने न केवल आपका उद्धार किया है, बल्कि वह आपको सिद्ध भी करेगा, ताकि आप वह प्रेमी और नम्र व्यक्ति बन सकें जिसके लिए उसने आपको बुलाया है (इब्रानियों 12:1)।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो आपको ज्योति, प्रेम और बुद्धि का जीवन जीने के लिए बुलाता है। और आप यीशु को उस जन के रूप में देखें जिसने बुद्धिमानी से, प्रेम से और बुद्धि में आपका उद्धार किया, ताकि आप परमेश्वर की आज्ञाकारिता में चल सकें।

