क्या हो रहा है?
नहूम के अन्तिम दो अध्यायों में बाबेल के हाथों नीनवे के पतन का एक दर्शन है, नीनवे का उपहास करते हुए छः ताने हैं, और फिर उस महान नगर के विनाश का उत्सव मनाता हुआ एक व्यंग्य भरा विलापगीत है।
लहू जैसे लाल वस्त्र पहने हुए एक सेना नीनवे को उखाड़ फेंकेगी (नहूम 2:3)। यह बाबेल की सेना है, और यहेजकेल भविष्यद्वक्ता भी पुष्टि करता है कि उनकी वर्दी लाल होती थी (यहेजकेल 23:14)। नहूम यह भी सटीक भविष्यद्वाणी करता है कि पास की नदी की बाढ़ से नीनवे डूब जाएगा (नहूम 2:6, 8)। नीनवे के संरक्षक देवता को उठा ले जाया जाएगा, उसके पुजारी विलाप करते रह जाएँगे, और नगर का खज़ाना सबके लूटने के लिए खुला पड़ा रहेगा (नहूम 2:7, 9)।
नहूम के छः ताने सीधे-सादे हैं। अश्शूर पहले शिकारी था, पर अब वह स्वयं शिकार बन जाएगा (नहूम 2:13)। नीनवे लहू से बनाया गया था, इसलिए वह लहू में ही लौट जाएगा (नहूम 3:1, 3)। नीनवे ने वेश्या के समान काम किया है, इसलिए जल्द ही उसके मोहक रूप का परदा खोल दिया जाएगा (नहूम 3:4, 5ख)। अश्शूर ने एक समय मिस्र के नगर नो-अम्मोन (थीबिस) को निर्दयता से उजाड़ दिया था (नहूम 3:8), पर जल्द ही वही हिंसा जो उन्होंने दूसरों पर ढाई, लौटकर उन्हीं को सताएगी (नहूम 3:10)। और अन्त में, जैसे उन्होंने एक समय टिड्डियों के समान जीत लिया और चट कर डाला (नहूम 3:16), वैसे ही वे जल्द टिड्डियों के समान लुप्त हो जाएँगे (नहूम 3:17)। नीनवे के लिए कोई शुभ समाचार नहीं है। उनका विनाश निश्चित है। इसलिए नहूम एक विलापगीत गाता है जिसमें नीनवे के सैनिक भागते और हाँफते दिखाई देते हैं (नहूम 3:18)। तब सारी पृथ्वी नीनवे के पतन पर तालियाँ बजाती है, क्योंकि जैसा नहूम पूछता है, “पृथ्वी पर ऐसा कौन है जिसने नीनवे की दुष्टता न सही हो” (नहूम 3:19)?
बाइबल में केवल दो ही पुस्तकें ऐसी हैं जो एक अलंकारिक प्रश्न के साथ समाप्त होती हैं, और नहूम उनमें से एक है। दूसरी पुस्तक योना है (योना 4:11)। योना का अलंकारिक प्रश्न भी नीनवे के बारे में है, और इस बारे में कि परमेश्वर को अधिकार है कि वह जिस पर चाहे दया करे—नीनवे के लोगों पर भी। पर नहूम का प्रश्न प्रकट करता है कि नीनवे ने परमेश्वर की दया का लाभ उठाकर और भी अधिक क्रूरता की। नीनवे उद्धार की सीमा से परे दुष्ट हो चुका है, और जब परमेश्वर उसे नक्शे से मिटा देता है, तो पृथ्वी पर कोई भी उसके न्याय पर प्रश्न नहीं उठाता।
सुसमाचार कहाँ है?
नीनवे के लिए कोई शुभ समाचार नहीं है। नहूम नीनवे के अत्याचारों के प्रायश्चित के लिए कोई सुसमाचार प्रस्तुत नहीं करता। यह एक गम्भीर चेतावनी है कि अन्ततः दुष्टों के पास मन फिराने का और कोई अवसर नहीं रहेगा। अश्शूर बाबेल के द्वारा नष्ट कर दिया गया, और फिर कभी नहीं उठा। इसलिए नहूम के अन्त में जो शुभ समाचार है, वह दुष्टों, अत्याचारियों या हिंसकों के लिए नहीं—बल्कि बाकी सब के लिए है।
नीनवे का अत्याचार सारे संसार में फैला हुआ था, इसलिए जब परमेश्वर के लोगों के उस शत्रु को अन्ततः उसके किए का फल मिला, तो सारा संसार आनन्दित हुआ। प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में हम ऐसा ही एक दृश्य देखते हैं। परमेश्वर सब दुष्ट साम्राज्यों के शासकों को—अत्याचार के सब दोषियों को, हर सताने वाले को—इकट्ठा करता है, और उनके बहाए गए निर्दोष लहू का और उनके द्वारा सताए गए लोगों का बदला लेता है (प्रकाशितवाक्य 19:2)। और तब परमेश्वर के लोग आनन्द मनाते हैं कि बुराई का सदा के लिए न्याय हो गया है (प्रकाशितवाक्य 19:3)।
वह दिन जल्द आने वाला है जब यीशु सारी बुराई के साथ वही करेगा जो बाबेल ने नीनवे के साथ किया था। यीशु युद्ध करेगा (प्रकाशितवाक्य 19:11)। और वह लहू जैसा लाल वस्त्र पहने विजय प्राप्त करने आएगा (प्रकाशितवाक्य 19:13)। वह हर उस जाति के विरुद्ध निकलेगा जिसने परमेश्वर के अपने लोगों पर आक्रमण करने का दुस्साहस किया है (प्रकाशितवाक्य 19:15क)। वह संसार से उसकी बुराई को खदेड़ देगा और स्वयं को सदा के लिए राजाओं के राजा के रूप में स्थापित करेगा। वह ऐसे संसार में शान्ति के राजकुमार के रूप में सदा राज्य करेगा जहाँ फिर कोई शत्रु न होगा।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अत्याचार का अन्त करने आएगा। और आप यीशु को उस व्यक्ति के रूप में देखें जो अपने सब लोगों के लिए शान्ति स्थापित करके सारी बुराई का अन्त करने आ रहा है।

